वृंदावन/मथुरा | LIBERAL MEDIA
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित मथुरा-वृंदावन-गोवर्धन दौरे को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मथुरा चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने शनिवार को गोवर्धन दानघाटी मंदिर और परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। साथ ही दानघाटी मंदिर मार्ग की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर सेवायत रामेश्वर पुरोहित से भी चर्चा की और राष्ट्रपति के स्वागत में किसी प्रकार की लापरवाही न होने पर जोर दिया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने गिरिराज महाराज की पूजा-अर्चना कर दुग्धाभिषेक कराया।
बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को अयोध्या से आगरा हवाई अड्डा पहुंचेंगी, जहां से वह सेना के हेलीकॉप्टर से मथुरा कैंट स्थित हेलीपैड पर आएंगी। इसके बाद शाम करीब 5 बजे राष्ट्रपति का काफिला वृंदावन के लिए रवाना होगा, जहां वह एक पांच सितारा होटल में ठहरेंगी।
दौरे के दौरान राष्ट्रपति इस्कॉन मंदिर और प्रेम मंदिर में दर्शन करेंगी। वहीं 20 मार्च को प्रेमानंद जी महाराज के कुंज आश्रम में आध्यात्मिक मुलाकात, इसके बाद रामकृष्ण मिशन अस्पताल में बने कैंसर विभाग का लोकार्पण भी करेंगी।
इसके अतिरिक्त वह नीम करौरी बाबा आश्रम, स्वामी पूर्णानंद तीर्थ ट्रस्ट और वत्सल ग्राम (रितंभरा दीदी आश्रम) भी जाएंगी।
21 मार्च को राष्ट्रपति गोवर्धन के दानघाटी मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती में शामिल होंगी, जिसके बाद गोल्फ कार के माध्यम से 21 किलोमीटर की गोवर्धन परिक्रमा करेंगी।
निरीक्षण के दौरान एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत, सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी प्राजक्ता त्रिपाठी, थाना प्रभारी गोवर्धन भगवत सिंह गुर्जर सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के गोवर्धन दौरे की तैयारियां तेज, डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा
Published On:









