प्रदेश की योगी सरकार जहां गरीबों को हर माह निशुल्क राशन उपलब्ध कराने का दावा कर रही है, वहीं मथुरा जनपद के वृंदावन क्षेत्र से सरकारी योजना को पलीता लगाने का मामला सामने आया है। वृंदावन के दुसायत बाजार स्थित कोटे की दुकान पर राशन न मिलने से नाराज़ दर्जनों राशन कार्ड धारकों ने कोटेदार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोटेदार चेतन स्वरूप द्वारा महीनों से अंगूठा लगवाकर राशन नहीं दिया जा रहा है। कार्डधारक प्रेमवती ने बताया कि एक साल से अधिक समय हो गया है, लेकिन कई महीनों से उन्हें राशन नहीं मिला। हर महीने अंगूठा लगवा लिया जाता है, मगर राशन देने के नाम पर टाल दिया जाता है, जिससे परिवार के सामने खाने की समस्या खड़ी हो गई है।
कार्डधारक ज्योति ने बताया कि कोटेदार सुबह आने को कहता है, फिर शाम तक इंतजार कराने के बाद भी राशन नहीं देता। पूछने पर कथित तौर पर पैसे की मांग की जाती है। वहीं हेमलता का कहना है कि वह चार दिनों से लगातार राशन के लिए दुकान के चक्कर काट रही हैं।








