जनपद – बलिया | LIBERAL MEDIA
रसड़ा थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात युवक के शव के मामले में बलिया पुलिस ने हत्या का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में स्वाट/सर्विलांस टीम और रसड़ा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मनीष सिंह, विजय पाल सिंह और अंजनी सिंह को गिरफ्तार किया गया।
रविवार शाम पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 फरवरी को रसड़ा थाना क्षेत्र के लोहटा मार्ग के किनारे एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। बाद में उसकी पहचान आजमगढ़ निवासी पंकज गुप्ता के रूप में हुई।
विवेचना के दौरान सामने आया कि पारिवारिक विवाद तथा आपत्तिजनक फोटो-वीडियो को लेकर रंजिश के चलते पांच लोगों ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, तेजाब की खाली बोतलें और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।








