लालगंज स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज नाऊपुर देवगांव में विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 30 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को एक दिवसीय मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया जाएगा। जॉब फेयर कॉलेज परिसर में आयोजित होगा, जिसमें इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट एवं तकनीकी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को रोजगार और इंटर्नशिप के अवसर मिलेंगे।
इस संबंध में बुधवार को कॉलेज परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई। संस्थान के निदेशक प्रो. बी.के. त्रिपाठी ने बताया कि जॉब फेयर में देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियां और उद्योग समूह भाग लेंगे। ये कंपनियां विद्यार्थियों का प्रत्यक्ष साक्षात्कार लेकर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
कॉलेज के कुलसचिव डॉ. अम्बरीष सिंह ने कहा कि यह जॉब फेयर न केवल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज नाऊपुर देवगांव के छात्रों के लिए, बल्कि आसपास के अन्य तकनीकी संस्थानों के छात्र-छात्राओं के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगा।








