राजभाषा हिंदी में श्रेष्ठ कार्य पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय प्रथम सम्मानित

By Liberal Media

Published On:

Liberal Media
शाहजहांपुर।
भारत संघ की राजभाषा नीति के प्रभावी अनुपालन और उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक–1 कैंट, शाहजहांपुर को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), शाहजहांपुर द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
29 दिसंबर 2025 को राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय भारत सरकार के सहनिदेशक अजय कुमार चौधरी ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक–1 कैंट शाहजहांपुर का राजभाषा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में राजभाषा हिंदी से संबंधित सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, सुचारु एवं संतोषजनक पाए गए। इस अवसर पर सहनिदेशक ने हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में कार्यालयीन प्रयोग हेतु कर्मचारियों को प्रशिक्षित करते हुए इसके अधिकाधिक उपयोग के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में ओसीएफ फैक्ट्री, शाहजहांपुर में संपन्न नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की छमाही बैठक में नगर के लगभग 40 केंद्रीय सरकारी कार्यालयों एवं बैंकों के कार्यालय प्रमुखों ने सहभागिता की। बैठक की अध्यक्षता अमित सिंह, महाप्रबंधक, ओसीएफ फैक्ट्री शाहजहांपुर ने की।
बैठक में हिंदी राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कार्यालयों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की ओर से प्राचार्य महेश कुमार गुप्ता ने प्रशस्ति पत्र ग्रहण करते हुए नराकास के प्रति आभार व्यक्त किया।
विद्यालय के हिंदी प्रवक्ता अनुराग पाण्डेय ने इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि हिंदी एक सशक्त और सक्षम भाषा है, जिसमें हम अपने सभी शासकीय एवं कार्यालयीन कार्य प्रभावी ढंग से कर सकते हैं।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights