अमरोहा के हसनपुर नगर स्थित पुराने डाकखाने पर बुधवार दोपहर करीब 1 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 8–10 बाइक सवार दबंगों ने एक दुकान में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने दुकानदार के साथ मारपीट, गाली-गलौज और लूटपाट का प्रयास करते हुए जानलेवा हमला किया। पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित दुकानदार अशोक यादव पुत्र टीकाराम यादव के अनुसार, हमलावरों में एक महिला भी शामिल थी, जिसने बिना कारण गालियां दीं। विरोध करने पर साथ आए युवकों ने हमला कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में नामजद तहरीर दी है। कस्बा इंचार्ज रामकुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।








