प्रेम प्रसंग में जिगरी दोस्त बना कातिल

By Liberal Media

Published On:

Date:

सुधीर हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

उन्नाव।
कहते हैं कि अपराधी चाहे कितना भी चालाक क्यों न हो, अपने गुनाह के निशान छोड़ ही जाता है। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला उन्नाव जिले से सामने आया है, जहां सुधीर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए प्रेम प्रसंग में जिगरी दोस्त के कातिल बनने की कहानी उजागर की है। पुलिस ने इस मामले में झोलाछाप डॉक्टर संदीप और उसके साथी रंजीत को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक सुधीर का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था। इसी दौरान सुधीर के करीबी दोस्त संदीप की भी उसी युवती से नजदीकियां बढ़ गईं। प्रेम त्रिकोण को लेकर दोनों के बीच करीब छह महीने पहले विवाद हुआ था। इसी रंजिश ने धीरे-धीरे नफरत का रूप ले लिया और सुधीर की हत्या की साजिश रची गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी संदीप गंगा बैराज के पास रहता था और बलियाखेड़ा क्षेत्र में झोलाछाप दवाखाना चलाता था। उसने अपने साथी रंजीत के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। घटना के बाद से ही रंजीत पर पुलिस का शक गहराता गया। पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे।

हत्या के बाद रंजीत जयपुर भागने की तैयारी में कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक पहुंच गया था, लेकिन सुधीर की बाइक बरामद होने की सूचना मिलते ही वह वापस लौट आया। इसके बाद वह सुधीर को ढूंढने का नाटक करता रहा, ताकि शक की सुई खुद से दूर रख सके।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि हत्या की रात सुधीर, संदीप और रंजीत अचलगंज में साथ बैठकर शराब पी रहे थे। लौटते समय रंजीत बदरका में उतर गया। शाम करीब छह बजे तीनों के बीच दोबारा संपर्क हुआ। सुधीर ने पहले संदीप को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद रंजीत के मोबाइल से कॉल की गई, जिसे संदीप ने उठाया। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और बयानों के मिलान से पूरी साजिश की पुष्टि हो गई।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह ने बताया कि अचलगंज थाना क्षेत्र से हत्या की सूचना मिलने पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग को लेकर सुधीर की हत्या की गई। कॉल डिटेल, बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े सभी आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि विवेचना के आधार पर दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

अमित त्रिवेदी, उन्नाव

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights