बलिया जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखपुरा कस्बा स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर से रविवार देर रात चोरों ने लाखों रुपये की लागत से स्थापित चांदी का शिवलिंग चोरी कर लिया। इस घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है और शिवभक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
सोमवार सुबह चोरी की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। सूचना मिलने पर सुखपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
घटना को लेकर प्रधान प्रतिनिधि उमेश सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 51 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में डर और असंतोष का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।








