पौष पूर्णिमा पर बदायूं के गंगा घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

By Liberal Media

Published On:

Date:

बदायूं। पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर बदायूं जनपद के सभी गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भागीरथी में स्नान कर पुण्य अर्जित करने के लिए आधी रात से ही भक्त गंगा घाटों की ओर पहुंचने लगे। कड़ाके की ठंड के बावजूद तड़के चार बजे से ही गंगा स्नान का सिलसिला शुरू हो गया और घाटों पर “हर-हर गंगे” के जयकारे गूंजते रहे।

जनपद के कछला स्थित भागीरथी घाट, अटेना घाट, सहसवान के बसौलिया घाट सहित लगभग एक दर्जन स्थानों पर मेला जैसा माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे विधि-विधान से हवन-पूजन किया, प्रसाद चढ़ाया और मां गंगा से सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान गंगा में दीपदान भी किया गया, जिससे नदी में दीपों की श्रृंखला अत्यंत मनोहारी दृश्य प्रस्तुत कर रही थी। गंगा किनारे पूरा वातावरण भक्ति और आस्था से सराबोर नजर आया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जनपद के सभी गंगा घाटों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई, साथ ही पुलिस, पीएसी और फ्लड कंपनी को भी मुस्तैद रखा गया।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights