मथुरा। पोस्टमास्टर के अपहरण के बाद हत्या कर शव जलाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना शेरगढ़ पुलिस व एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, जिस पर जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायल आरोपियों की पहचान भारत उर्फ भरतू (उम्र लगभग 25 वर्ष) व रंजीत (उम्र लगभग 28 वर्ष) पुत्रगण रणवीर उर्फ कल्लू निवासी अलावलपुर, थाना चांदहट, जनपद पलवल (हरियाणा) के रूप में हुई है। दोनों को शिवा ढाबा के पास से गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से एक टाटा पंच कार, दो तमंचे .315 बोर तथा दो जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।








