बदायूं। जनपद के वजीरगंज थाना क्षेत्र के लहरा गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पिता ने ही अपनी नाबालिग बेटी की हसिये से गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस जांच में आरोपी पिता इकरार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
29 दिसंबर को गांव के जंगल में एक युवती का शव बरामद हुआ था, जिसका अधिकांश हिस्सा जंगली जानवरों द्वारा नोच लिया गया था। शव की पहचान इकरार ने अपनी बेटी सोनम के रूप में की। सोनम 19 दिसंबर की रात से लापता थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला काटकर हत्या की पुष्टि हुई।
शुरुआत में पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, लेकिन पुलिस को शक होने पर जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो इकरार ने बेटी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे बेटी के चरित्र पर शक था, इसी कारण उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।








