वृंदावन | LIBERAL MEDIA
धर्मनगरी वृंदावन में रंगजी मंदिर के ब्रह्मोत्सव मेले के दौरान पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो दरोगा की वर्दी पहनकर लोगों पर धौंस जमा रहा था। आरोपी की पहचान शिवम चौधरी, निवासी हाथरस के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार मेला क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को एक दरोगा की कार्यशैली और हुलिए पर संदेह हुआ। वर्दी में होने के बावजूद युवक की दाढ़ी बढ़ी हुई थी, जो पुलिस नियमों के विपरीत है। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की और पहचान पत्र मांगा, तो वह घबरा गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसकी असलियत सामने आ गई।
पुलिस जांच में पता चला कि शिवम के पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा हैं और वर्तमान में बुलंदशहर में तैनात हैं। आरोपी युवक घर से अपने पिता की वर्दी चोरी-छिपे पहनकर वृंदावन मेले में रौब झाड़ने के लिए पहुंच गया था। पुलिस ने उसके पास से यूपी पुलिस की उप-निरीक्षक (SI) की वर्दी और अन्य सामान भी बरामद किया है।
गिरफ्तारी के बाद युवक के पिता ने पुलिस को बताया कि शिवम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका इलाज चल रहा है। हालांकि सार्वजनिक स्थान पर पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग करने और सुरक्षा व्यवस्था में व्यवधान डालने के आरोप में पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पिता की वर्दी पहनकर रौब झाड़ता फर्जी दरोगा गिरफ्तार, ब्रह्मोत्सव मेले में पुलिस ने दबोचा
Published On:
Date:








