बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरौली बड़ागांव में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि रेहान अहमद की देखरेख में चल रही करीब डेढ़ बीघा कृषि भूमि पर विपक्षियों ने जबरन कब्जा कर गेहूं की फसल बो दी। जब पीड़ित पक्ष ने इसका विरोध किया तो दबंगों ने ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या की कोशिश की, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि विपक्षियों की कथित ऊंची पहुंच के चलते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। डरे-सहमे रेहान अहमद ने योगी सरकार और जिलाधिकारी बलिया से न्याय, सुरक्षा और क्षतिपूर्ति की गुहार लगाई है।
पीड़ित ने बताया कि विवादित भूमि उनकी रिश्तेदार शाहीन खातून की है, जो बिहार के अररिया जिले की निवासी हैं। उन्होंने कहा कि 17 जनवरी को बेल्थरारोड समाधान दिवस में जिलाधिकारी से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की जाएगी। पीड़ित को उम्मीद है कि योगी सरकार में दबंगों के खिलाफ एंटी भूमाफिया कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी।








