परचम कुशाई के साथ कलीमी उर्स का आगाज़, अकीदतमंदों की उमड़ी भीड़

By Liberal Media

Published On:

Date:

मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर | LIBERAL MEDIA
नगर की मशहूर खानकाह हुसैनिया कलीमिया में सालाना कलीमी उर्स का शुभारंभ परचम कुशाई की रस्म के साथ हो गया। उर्स में शिरकत करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से अकीदतमंदों का आना शुरू हो गया है।
यह उर्स शाह सैय्यद दूल्हा मियां और सैय्यद मसरूर मियां कलीमी की याद में हर साल बड़े ही अकीदत और शान-ओ-शौकत के साथ मनाया जाता है। इस मौके पर श्रद्धालु मजार-ए-अक़दस पर चादरपोशी कर दुआएं मांगते हैं।
खानकाह के सज्जादा नशीन हज़रत सैय्यद मसऊद अहमद कलीमी चिश्ती क़ादरी की सरपरस्ती में 28 मार्च को परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। मदरसा अल-जामियतुल चिश्तिया में झंडा फहराने के बाद कुरानख्वानी हुई और देश-प्रदेश की खुशहाली के लिए दुआएं मांगी गईं।
नमाज़-ए-जुहर के बाद नात कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें दूर-दराज से आए उलेमाओं ने अपने कलाम पेश कर माहौल को रूहानी बना दिया। वहीं नमाज़-ए-ईशा के बाद महफिल-ए-शमा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मशहूर क़व्वाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
इस अवसर पर हज़रत सैय्यद डॉ. असद अहमद कलीमी, मिर्जा इलियास बेग, रईस अहमद, इम्तियाज़ अली, याकूब अंसारी, मोईन अंसारी, अनीस अंसारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights