KANNauj LIBERAL MEDIA कन्नौज जनपद में अवैध कब्जे से परेशान एक किसान ने पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या करने की चेतावनी दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। किसान का आरोप है कि उसकी जमीन पर गांव के ही दबंगों ने अवैध कब्जा कर रखा है और वह लंबे समय से अधिकारियों से गुहार लगाते-लगाते थक चुका है।
घटना थाना तालग्राम क्षेत्र के ग्राम सिलुआपुर की है। किसान अवधेश पानी की टंकी पर चढ़ गया और कपड़े से फांसी लगाकर जान देने की बात कहने लगा। सूचना मिलते ही मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा।
करीब एक घंटे तक किसान पानी की टंकी पर चढ़ा रहा। इस दौरान थाना अध्यक्ष और तहसीलदार छिबरामऊ ने किसान से बातचीत कर उसे समझाया और जमीन के मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसान पानी की टंकी से नीचे उतरा, तब जाकर प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
प्रशासन का कहना है कि किसान की शिकायत की जांच कराई जा रही है और अवैध कब्जे के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








