इस्लामाबाद। पाकिस्तान सेना के प्रवक्ता अहमद शरीफ चौधरी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महिला पत्रकार की ओर आंख मारने का वीडियो सामने आने के बाद उनकी चौतरफा आलोचना हो रही है। सोशल मीडिया पर लोग इसे सेना की गरिमा के विपरीत बताते हुए कड़ी निंदा कर रहे हैं।
बताया जाता है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला पत्रकार ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से जुड़े सुरक्षा मामलों, राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों और भारत समर्थक बताए जाने से संबंधित सवाल पूछे थे। सवालों से असहज हुए चौधरी ने जवाब देने के बजाय पत्रकार की ओर आंख मार दी।
इस हरकत के बाद उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “चौथी बात और जोड़ लीजिए… वह मानसिक रोगी हैं।” उनके इस बयान और व्यवहार को लेकर पत्रकार संगठनों और आम लोगों में रोष है।
इस घटना ने पाकिस्तान की राजनीति और मीडिया जगत में नई बहस छेड़ दी है, जहां सेना पर पहले से ही दबाव और हस्तक्षेप के आरोप लगते रहे हैं।














