कानपुर देहात के भोगनीपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार और ओवरलोड मिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक बार फिर कहर बरपाया। नानपुर गांव के आगे ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से 28 वर्षीय युवक सचिन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक सचिन, निवासी सुजौर, पुखरायां की ओर किसी जरूरी सामान को लेने जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन मृतक के परिवार को मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सचिन अपने पीछे पत्नी और दो छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गया है। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही सचिन के पिता संतोष सचान का निधन हुआ था। पिता की मौत की सूचना पर वह फतेहपुर से घर लौटा था और अगले ही दिन यह हादसा हो गया।
सूचना मिलते ही भोगनीपुर पुलिस, एसडीएम भोगनीपुर समेत प्रशासनिक अधिकारी और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है।








