कानपुर के रायपुरवा थाना क्षेत्र की लक्ष्मीपुरवा निवासी और उर्सला अस्पताल में कार्यरत नर्स उमाकान्ती वर्मा ने पति व ससुराल पक्ष पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार पति अनुभव वर्मा, सास कृष्णा वर्मा और ननद कोमल ने घर में घुसकर मारपीट की। आरोप है कि सास ने सिर पर वार किया, जबकि पति ने चाकू से हमला किया, जिससे उंगली कट गई। पीड़िता का कहना है कि 112 पर सूचना के बाद पुलिस पहुंची, लेकिन आरोपियों के जाने के बाद फिर हमला हुआ।
उमाकान्ती ने आरोप लगाया कि थाना रायपुरवा में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई और न ही मेडिकल कराया गया। इसके बाद उन्होंने स्वयं अस्पताल में उपचार कराया। पीड़िता ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थनापत्र देकर एफआईआर दर्ज कराने और स्वयं व अपने नाबालिग बेटे की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस आयुक्त कार्यालय की ओर से मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।








