नोएडा | LIBERAL MEDIA
नोएडा के सेक्टर-4 स्थित एक बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। उस समय फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट चल रही थी और करीब ढाई सौ कर्मचारी अंदर मौजूद थे। आग लगते ही फैक्ट्री में सायरन बजने लगे और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के निचले फ्लोर पर आग लगी, जिसके बाद धुआं तेजी से पूरी बिल्डिंग में फैल गया। धुएं से घबराए कई कर्मचारियों ने अपनी जान बचाने के लिए ऊपर की मंजिलों से नीचे छलांग लगा दी, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के कुछ वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें कर्मचारी जान बचाने के लिए ऊपर से कूदते नजर आ रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की करीब 20 गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री की खिड़कियों के शीशे तोड़कर अंदर फंसे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
आग और धुएं के कारण कई कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ गई, जबकि ऊंचाई से कूदने के कारण कई लोग घायल हो गए। कुल 37 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो को आईसीयू में रखा गया है, जबकि एक की हालत गंभीर होने पर दिल्ली रेफर किया गया है। कई घायलों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर होने की भी जानकारी सामने आई है।
फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग लगने के करीब 8 घंटे बाद भी फैक्ट्री के कुछ हिस्सों में आग सुलग रही थी। राहत की बात यह है कि फिलहाल फैक्ट्री के अंदर किसी के फंसे होने की सूचना नहीं है और दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटे हैं।
नोएडा में बिजली मीटर फैक्ट्री में भीषण आग, जान बचाने को ऊंचाई से कूदे कर्मचारी; 37 घायल
Published On:
Date:








