Badaun / Liberal Media
बदायूँ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन के निर्वाचित होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और इसे संगठन के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना उनके संगठनात्मक कौशल, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उनके नेतृत्व में पार्टी को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी तथा संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में भाजपा नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी अंत्योदय, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक सशक्त रूप से आगे बढ़ाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में पार्टी और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी।








