लखनऊ। बुधवार देर रात बाइक से घर लौट रहे एक युवक की बीकेटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतापुर रोड स्थित राम सागर मिश्र शौ शैय्या अस्पताल कट के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना इटौंजा क्षेत्र के बाहरगांव निवासी शैलेश सिंह (21) पुत्र अभय कुमार सिंह बुधवार रात लखनऊ से नौकरी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब एक बजे सीतापुर रोड पर राम सागर मिश्र शौ शैय्या अस्पताल कट के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी पैशन प्रो मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी बीकेटी संजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।








