Liberal Media | Shahjahanpur
शाहजहांपुर। मेदांता अस्पताल, लखनऊ की ओर से शाहजहांपुर के ग्रैंड आर्क होटल में एक जागरूकता कार्यक्रम सह प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेदांता अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों ने न्यूरो, हृदय, दिमाग और रेडियोलॉजी से जुड़ी गंभीर बीमारियों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. राम कीर्ति सरन, डॉ. कमलेश सिंह भैसोरा एवं डॉ. रोहित अग्रवाल ने बताया कि अधिकांश मामलों में मरीजों द्वारा इलाज में देरी करने से रोग और अधिक गंभीर हो जाते हैं। डॉक्टरों ने कहा कि करीब 50 प्रतिशत मामलों में ब्लॉकेज का समय पर पता नहीं चल पाता, जिससे हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।
डॉक्टरों ने बताया कि सिरदर्द, चक्कर, सीने में दर्द, हाथ-पैर में सुन्नता या कमजोरी जैसे लक्षणों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। समय रहते जांच और इलाज कराने से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने आधुनिक तकनीक, समय पर जांच और विशेषज्ञ परामर्श को बेहद जरूरी बताया।
मेदांता अस्पताल के चिकित्सकों ने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार के न्यूरो या हृदय संबंधी लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और देरी न करें। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में जागरूकता बढ़ाकर समय पर इलाज को बढ़ावा देना रहा।









