मऊ | Liberal Media
मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र में सुबच्चन उर्फ गेडी राजभर की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बीते 01 फरवरी 2026 को अमरूद के बगीचे में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतक का गला और हाथ की कलाई धारदार हथियार से काटी गई थी।
मृतक की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की वजह अवैध संबंध थे। बताया गया कि मृतक की बहू के अपने मौसी के लड़के से पिछले करीब डेढ़ साल से संबंध थे, जिसकी जानकारी सुबच्चन को हो गई थी।
इसी रंजिश में आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। पहले सुबच्चन को शराब पिलाई गई और फिर अमरूद के बगीचे में ले जाकर तीन लोगों ने मिलकर गला और कलाई काटकर उसकी हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह रही कि आरोपियों ने हत्या का वीडियो मोबाइल फोन से बना लिया।
पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त नाजायज चाकू, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक स्प्लेंडर प्लस बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।









