मऊ | LIBERAL MEDIA
चैत्र नवरात्रि के आरंभ होते ही मऊ जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जहरीली मिठाइयों पर कड़ा प्रहार किया। हलधरपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान करीब 10 कुंतल रसगुल्ला और गुलाब जामुन को मौके पर ही नष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार राणा के नेतृत्व में टीम ने भुदसड़ी स्थित एक मिठाई कारखाने पर छापा मारा, जहां मिठाइयों में प्रतिबंधित सैटेलाइट (सेफ लाइट) पाउडर का इस्तेमाल किया जा रहा था। यह पाउडर मिठाइयों को लंबे समय तक सुरक्षित और आकर्षक बनाए रखने के लिए उपयोग में लाया जाता है, लेकिन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है।
तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम ने भारी मात्रा में तैयार मिठाइयों को नष्ट कराया और पांच प्रकार की मिठाइयों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से गायब हो गए। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नवरात्रि के दौरान मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।








