उन्नाव। मथुरा हादसे के बाद प्रदेश सरकार के सख्त निर्देशों पर जिला प्रशासन सतर्क नजर आया। सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम और एसपी ने अभियान चलाकर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने नवाबगंज स्थित टोल प्लाजा पर माइक सिस्टम के माध्यम से वाहन चालकों को कोहरे में सावधानी से वाहन चलाने की जानकारी दिलवाई। इस दौरान वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप भी लगाए गए। डीएम ने एंबुलेंस और क्रेन की वास्तविक लोकेशन प्रशासन से साझा रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत व बचाव कार्य किया जा सके।
इसके साथ ही डीएम और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने ठंड से प्रभावित असहाय और गरीब लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे सोता हुआ न मिले और सभी को रैन बसेरों में पहुंचाया जाए। हनुमान मंदिर के पास भी जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर नगर पालिका परिषद द्वारा संचालित रैन बसेरों में ठहरने के लिए प्रेरित किया गया।








