मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस का एक दिवसीय उपवास, केंद्र की नीतियों के खिलाफ जताया विरोध

By Liberal Media

Published On:

Date:

शाहजहांपुर।
जनपद शाहजहांपुर में कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम के अंतर्गत गुरुवार को एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश गुप्ता एवं महानगर अध्यक्ष तकवीम हसन खान के संयुक्त नेतृत्व में प्रातः 11 बजे से सायं 5 बजे तक घंटाघर स्थित संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
उपवास कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर किए जाने, बजट में लगातार कटौती, मजदूरी भुगतान में देरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सीमित किए जाने के विरोध में जनजागरूकता फैलाना रहा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने कहा कि “मनरेगा केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि देश के करोड़ों गरीब, मजदूर, किसान और ग्रामीण परिवारों के जीवन का आधार है। वर्तमान सरकारें जानबूझकर इसे समाप्त करने की दिशा में काम कर रही हैं। मजदूरों को समय पर मजदूरी नहीं मिल रही, काम के दिन घटाए जा रहे हैं और बजट में कटौती की जा रही है। कांग्रेस पार्टी गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और मनरेगा बचाने की यह लड़ाई और तेज की जाएगी।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री के विचारों और आदर्शों पर चलते हुए सामाजिक न्याय, समानता और जनसेवा के मार्ग पर निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक स्व. लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “जय जवान, जय किसान” और “जय बापू, जय भीम” के नारों के साथ उनके योगदान को याद किया।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष तकवीम हसन खान ने कहा कि “मनरेगा पर हमला सीधे गरीब और मजदूर वर्ग के सम्मान और रोजगार पर हमला है। सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।”
उपवास कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर एवं स्व. लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित, पूर्व महानगर अध्यक्ष पवन सिंह, मनरेगा जिला कोऑर्डिनेटर अनूप वर्मा, पीसीसी सदस्य कृष्ण विनोद मिश्रा, बिंदेश्वरी राज, नूरे सहर बी, संजय सक्सेना, सुशील शर्मा, कमल किशोर मिश्रा, लक्ष्मीकांत मिश्रा, सईद अंसारी, संतोष गुप्ता, इक़बाल अंसारी, अखलेश पाल, हमैद खान, शौर्य दीक्षित, इरफ़ान खान, इकरार अहमद, अनवर जमाल अंसारी, प्रेम प्रकाश बाल्मीकि, अच्छन खान सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर मनरेगा बचाओ संग्राम को जन-जन तक पहुंचाने और आंदोलन को और व्यापक बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights