शाहजहांपुर, 06 फरवरी। मंडलायुक्त बरेली मंडल ने कलेक्ट्रेट शाहजहांपुर स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखागार न्यायिक, अभिलेखागार राजस्व, भूलेख अनुभाग, संग्रह अनुभाग एवं संयुक्त कार्यालय सहित अन्य अनुभागों में अभिलेखों के रख-रखाव, स्वच्छता और कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
मंडलायुक्त ने रिकॉर्ड प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी व जनहितैषी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सेवानिवृत्ति कार्मिकों के देयों, एसीपी एवं पेंशन से संबंधित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली, जिस पर अधिकारियों ने बताया कि कोई भी मामला लंबित नहीं है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, एडीएम न्यायिक रशीद अली, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।









