हरिद्वार में मकर संक्रांति स्नान पर्व के अवसर पर हरकी पौड़ी समेत शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घना कोहरा और कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। देश के विभिन्न प्रांतों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और मंदिरों में पूजा-अर्चना कर अपने परिवार एवं शुभचिंतकों की सुख-समृद्धि की कामना की।
स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। संपूर्ण मेला क्षेत्र को 08 जोन और 22 सेक्टरों में विभाजित कर जोनल व सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से स्नान किया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने स्वयं मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।








