KUSHINAGAR | LIBERAL MEDIA
कुशीनगर जनपद के तरयासुजान थाना क्षेत्र के बढ़ई टोला में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर के अंदर पति-पत्नी के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। घर के फर्श पर महिला का शव खून से लथपथ पड़ा मिला, जबकि युवक का शव पास में रखी चारपाई पर फंदे से लटकता हुआ पाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान अरुण और नेहा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था और नवंबर 2025 में दोनों ने घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। अरुण के खिलाफ नेहा को भगाने के आरोप में विशुनपुरा थाने में पहले से मुकदमा दर्ज होने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस हत्या और आत्महत्या—दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि अरुण ने पहले अपनी पत्नी नेहा की धारदार हथियार से हत्या की और उसके बाद स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।








