लोकतंत्र दिवस पर शहीद म्यूजियम कंम्युनिटी में कवि सम्मेलन, शहीदों व लोकतंत्र के प्रहरियों को किया नमन

By Liberal Media

Published On:

Date:

शाहजहांपुर। लोकतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार की रात छावनी क्षेत्र स्थित शहीद म्यूजियम कंम्युनिटी के तत्वावधान में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ कवि कुलदीप दीपक ने मां शारदा की वंदना से किया। उन्होंने लोकतंत्र के सजग प्रहरियों एवं शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत पंक्तियां प्रस्तुत कीं—
पावनी सुहावनी लुहावनी वसुंधरा को,
क्रांतिकारियों की जन्मभूमि को प्रणाम है।

शायर राशिद जुगनू ने सामाजिक यथार्थ को छूती रचना सुनाई—
जो भी दीवार उठाता हूं गिर जाती है,
घर बरसते हुए पानी में उठाते क्यों हों।

व्यंग्यकार उमेश सिंह ने तीखे व्यंग्य के माध्यम से श्रोताओं को सोचने पर विवश किया—
हम अपना घर फूंके किसी को क्या मतलब,
चाहे जहां थूकें किसी से क्या मतलब।

वरिष्ठ कवि सुशील दीक्षित ‘विचित्र’ ने देश को जोड़ने वाली भावनात्मक कविता प्रस्तुत की—
टूट गए या रूठ गए उनको हमें मानना होगा,
पूरा देश साथ में गाए ऐसा गीत सुनाना होगा।

मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय कवि डॉ. ध्रुवेंद्र भदौरिया (एटा) ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविता सुनाते हुए कहा—
“हे प्रभु कृपा करो भारत पर… मेरी भारत मां को इक झांसी की रानी दे दो,” जिस पर सभागार तालियों से गूंज उठा।

एसएस वनस्पति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. आदर्श पाण्डेय ने गीत ‘सैनिक की चिट्ठी’ प्रस्तुत किया। गीत की पंक्ति— “मेरे बेटे को मेरे बाद मेरी वर्दी पहने देना” —पर श्रोताओं ने जोरदार तालियां बजाईं।

इस अवसर पर डॉ. विकास खुराना ने हास्य रचनाएं प्रस्तुत कीं, वहीं ब्रह्म मिश्र, अभिषेक औडच, अतुल प्रजापति (गन्ना शोध संस्थान) एवं डॉ. एके तिवारी की वीर रस की कविताओं को भी खूब सराहा गया।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, शाहजहांपुर से जुड़े सूबेदार मेजर एवं वेटरन्स को सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में सूबेदार मेजर रमेश दीक्षित, सतीश सिंह चौहान, राम लखन सिंह, वेटरन सुदेश मिश्रा, योगेंद्र त्यागी, राजीव मिश्रा एवं सोमेश मौर्य शामिल रहे, जिन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. विकास पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर संयोजक एवं छावनी परिषद के नामित सदस्य अवधेश दीक्षित, महेंद्र दीक्षित, नरेंद्र यादव, रजत श्रीवास्तव, डॉ. जसमीत साहनी, डॉ. अजय कुमार तिवारी, लोकेश श्रीवास्तव, अभिषेक दीक्षित, रमेश दीक्षित, श्रवण दीक्षित, डॉ. साजिद, डॉ. अनिल त्रेहन, राजू बग्गा, विनीत मिश्रा, संतोष महेंद्रू, डॉ. तनवीर हसन, डॉ. तुफैल खान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights