लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में हंगामा, डॉक्टरों व तीमारदारों में झड़प

By Liberal Media

Published On:

Date:

लखनऊ | LIBERAL MEDIA

राजधानी के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में सोमवार देर रात उस समय हंगामा हो गया, जब मरीज के इलाज को लेकर डॉक्टरों, टेक्नीशियन, नर्सों और तीमारदारों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि एक मरीज के उपचार में देरी को लेकर तीमारदारों ने नाराजगी जताई, जिस पर अस्पताल स्टाफ से उनकी बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हंगामे के दौरान इमरजेंसी वार्ड के बाहर लगे कई शीशे टूट गए और अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने मौके से करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इमरजेंसी में ड्यूटी कर रहे डॉक्टरों और स्टाफ के साथ अभद्रता की गई, जबकि तीमारदारों का आरोप है कि मरीज को समय पर इलाज नहीं मिला, जिसके चलते विवाद की स्थिति बनी।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights