Kosi Kala, Mathura | Liberal Media
शनिवार को कोसीकला थाना क्षेत्र के थाना रोड स्थित बुलन मार्केट में दिनदहाड़े एक दर्जन से अधिक युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर आधा दर्जन से अधिक कर्मचारियों को घायल कर दिया। हमलावरों पर कर्मचारियों से नकदी लूटकर फरार होने का भी आरोप है।
घटना कोसीकला थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित बुलन मार्केट की है, जहां अचानक लाठी-डंडों से लैस युवकों ने कर्मचारियों पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। हमले में कई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मार्केट कर्मचारियों का आरोप है कि हमलावर दुकानदारी के पैसे और कर्मचारियों की जेब में रखी नकदी भी लूटकर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायलों को थाने लाकर प्राथमिक कार्रवाई के बाद इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
थाना प्रभारी राजकमल सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले में जल्द ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।








