बदायूं। दस दिनों से लापता किशोरी का शव गांव के बाहर सरसों के खेत में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामला जनपद के थाना वजीरगंज क्षेत्र के गांव लहरा लहाडपुर का है, जहां खेत में किशोरी का क्षत-विक्षत शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
परिजनों के अनुसार किशोरी सोनम 19 दिसंबर की रात घर से लापता हो गई थी, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।








