गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनावनी इलाके में आवारा कुत्तों के आतंक की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर के बाहर खेल रहे चार साल के मासूम बच्चे पर अचानक कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को काटते हुए घसीटना शुरू कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर मासूम को बचाया। आनन-फानन में बच्चे को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे के सिर में 37 टांके आए हैं। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पीड़ित बच्चे की मां पिंकी ने रोते हुए बताया कि उनका बेटा घर के बाहर खेल रहा था, तभी कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। इस घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है और बच्चों को बाहर भेजने में डर लग रहा है।
बच्चे के फूफा विशंभर ने बताया कि वे बदायूं के रहने वाले हैं और कनावनी इलाके में पट्टे पर खेती व सब्जी का ठेला लगाते है।








