हमीरपुर | LIBERAL MEDIA
जनपद के कुरारा थाना क्षेत्र में 14 मार्च से लापता युवती का शव संदिग्ध अवस्था में कुएं से मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह मामला पडुई गांव का है, जहां एक पुराने कुएं से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कुएं से शव बाहर निकाला।
मृतका की पहचान रामकेश निषाद की 21 वर्षीय पुत्री सरस्वती के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सरस्वती 14 मार्च से घर से लापता थी और परिवार उसकी तलाश कर रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज गुप्ता ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








