शाहजहांपुर | LIBERAL MEDIA
शहर के चौक स्थित खत्री अतिथि भवन में शनिवार को खत्री सभा शाहजहांपुर की ओर से होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने फूलों से होली खेलकर प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
समारोह में बुजुर्गों ने युवाओं को आशीर्वाद दिया, वहीं महिलाओं द्वारा प्रस्तुत मंगल गीतों ने पूरे वातावरण को आत्मीय और उल्लासपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना तथा समाजसेवी प्रमोद चंद सेठ ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान खत्री समाज की महिलाओं ने श्रीराम वंदना, जाति गान और भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर सभी को भाव-विभोर कर दिया।
समारोह में समाज के मेधावी विद्यार्थियों और नए उद्यमियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही परिवार में आई नई बहुओं का परिचय कराकर उनका स्वागत किया गया, जिसे समाज की परंपरा और अपनत्व का प्रतीक बताया गया।
मुख्य अतिथि सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि मन की दुर्भावनाओं को मिटाकर प्रेम और एकता को मजबूत करने का पर्व है। उन्होंने सभी से समाज में सौहार्द बनाए रखने और कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक संजय मेहरोत्रा और महामंत्री सुमित कुमार खन्ना ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद आयोजित फूलों की होली में सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में ठंडाई, गुझिया, चाट और अन्य पारंपरिक व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर राजीव खन्ना, गोपाल मेहरोत्रा, राजीव मेहरोत्रा, अशोक कुमार टंडन, अमित कपूर, मेघना खन्ना, रुचि अनेजा, रचना कपूर, कनिका मेहरोत्रा, मीरा सेठ, शोभा सेठ सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।








