- माय भारत बजट क्वेस्ट 2026 की हुई शुरुआत
शाहजहांपुर। देश के युवाओं को केंद्रीय बजट 2026-27 पर अपनी राय रखने और सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद करने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल के तहत माय भारत पोर्टल पर MY भारत बजट क्वेस्ट 2026 की शुरुआत कर दी गई है।
जिला युवा अधिकारी माय भारत मयंक भदौरिया ने बताया कि इस पहल के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें सफल प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल संवाद का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता का पहला चरण क्विज फॉर्मेट में है, जिसमें युवाओं को केंद्रीय बजट 2026 से जुड़े 30 प्रश्नों का उत्तर देना होगा।
उन्होंने बताया कि क्विज में भाग लेने के लिए युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत होना आवश्यक है। इस चरण में भाग लेने की अंतिम तिथि 17 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद प्रत्येक राज्य से बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
चयनित प्रतिभागियों के लिए 17 फरवरी से 3 मार्च तक दूसरा चरण निबंध लेखन के रूप में आयोजित होगा। इस चरण में युवाओं को ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप केंद्रीय बजट से संबंधित आठ विषय दिए जाएंगे, जिन पर वे अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत करेंगे। निबंधों का मूल्यांकन 3 मार्च से 10 मार्च तक किया जाएगा तथा राज्यों के अनुसार योग्यता सूची 10 मार्च 2026 को घोषित की जाएगी।
राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों के विजेताओं को ‘विकसित भारत बजट’ के विजन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संवाद करने का अवसर मिलेगा, जहां युवा अपनी सोच और सुझाव सीधे प्रधानमंत्री के समक्ष रख सकेंगे।
अधिक जानकारी के लिए युवा माय भारत शाहजहांपुर कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।














