कानपुर। यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस हादसे के बाद गोविंद नगर थाना क्षेत्र के दादा नगर निवासी अनुज श्रीवास्तव लापता हो गए हैं। अनुज सोमवार रात विजयनगर से एक प्राइवेट बस में दोस्त के साथ दिल्ली के लिए निकले थे और बस में बैठने के बाद उन्होंने परिवार से सकुशल होने की बात भी की थी।
सुबह करीब चार बजे साथ गए दोस्त ने फोन कर हादसे की जानकारी दी। इसके बाद से अनुज का मोबाइल फोन रिंग जाने के बावजूद रिसीव नहीं हो रहा है। घटना को दो दिन बीत जाने से बुजुर्ग मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पत्नी और बच्चे दिल्ली व मथुरा में अनुज की तलाश में भटक रहे हैं।
लापता युवक के परिजनों ने डीसीपी साउथ से न्याय की गुहार लगाते हुए जल्द से जल्द अनुज को खोजने की मांग की है।








