मथुरा | LIBERAL MEDIA
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को कान्हा की नगरी मथुरा पहुंचे, जहां उन्होंने आध्यात्मिक माहौल के बीच श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर में दर्शन-पूजन किया और श्रद्धालुओं को संबोधित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि “कृष्ण कन्हैया की कृपा हुई तो अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि की तरह यहां भी आगे का काम होगा।” उनके इस बयान को श्रीकृष्ण जन्मस्थान और शाही ईदगाह मस्जिद विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। योगी के इतना कहते ही वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने जोरदार जयकारे लगाए।
सीएम योगी ने वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान के प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक में भी हिस्सा लिया, जहां ब्रज क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई योजनाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के भी निर्देश दिए।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर पहुंचे और ठाकुर केशवदेव मंदिर, योगमाया मंदिर और गर्भगृह में दर्शन किए। इसके बाद भागवत भवन में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ब्रजभूमि के कण-कण में भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की स्मृतियां बसी हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने लोगों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार हमें जीवन में उत्साह, उमंग और सकारात्मकता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन नकारात्मकता या अराजकता का नाम नहीं है, बल्कि सकारात्मक सोच और इच्छाशक्ति से ही समाज आगे बढ़ता है।
सीएम योगी के इस दौरे को ब्रज क्षेत्र के विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








