कासगंज | लिबरल मीडिया
कासगंज जनपद के अमापुर कस्बे में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि शाम करीब 6:30 बजे सूचना मिली थी कि एक घर के अंदर कई शव पड़े हैं।
प्रथम दृष्टया जांच में प्रतीत हो रहा है कि सत्यवीर नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना एक-दो दिन पुरानी लग रही है, क्योंकि घर से दुर्गंध आ रही थी।
एसपी ने बताया कि घर के गेट पर कपड़ा बंधा हुआ था। जब उसे हटाकर अंदर प्रवेश किया गया तो सत्यवीर का शव फांसी पर लटका मिला, जबकि पत्नी रामश्री समेत तीन बच्चों के शव कमरे में पड़े थे। पत्नी के गले पर कट का निशान पाया गया है।
कमरे के किवाड़ अंदर से बंद थे और किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश के संकेत नहीं मिले हैं। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
जानकारी के अनुसार, सत्यवीर पिछले पांच वर्षों से परिवार सहित किराए पर रह रहा था। वह घर के आगे के हिस्से में वेल्डिंग की दुकान चलाता था और पीछे के हिस्से में परिवार के साथ निवास करता था।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।








