जूते-चप्पलों की बरसात के बीच निकला ‘बड़े लाट साहब’ का जुलूस

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर | LIBERAL MEDIA

होली के अवसर पर शाहजहांपुर में शहर की ऐतिहासिक परंपरा ‘बड़े लाट साहब’ का जुलूस धूमधाम और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाला गया। चौक कोतवाली से शुरू हुआ जुलूस पूरे शहर में भ्रमण करता हुआ बंगले के नीचे पहुंचकर संपन्न हुआ।

परंपरा के अनुसार एक युवक को लाट साहब बनाकर भैंसागाड़ी पर बैठाया गया और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर शहर में घुमाया गया। पूरे रास्ते लोगों ने लाट साहब पर जूते-चप्पलों की बरसात की तथा झाड़ुओं से प्रतीकात्मक पिटाई की। ढोल-नगाड़ों और रंग-गुलाल के बीच पारंपरिक अंदाज में होली का उत्सव मनाया गया।

करीब तीन सौ साल पुरानी मानी जाने वाली इस परंपरा को लेकर प्रशासन पहले से सतर्क रहा। इस बार लगभग 600 से अधिक वालंटियर तैनात किए गए। संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया। जुलूस मार्ग पर जगह-जगह पुलिस पिकेट, बैरिकेडिंग, ड्रोन निगरानी और सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी गई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कई जिलों की पुलिस फोर्स भी बुलाई गई थी।

एसपी के निर्देशन में अधिकारियों ने पूर्व में रूट का निरीक्षण किया था और गड़बड़ी की आशंका वाले तत्वों को रेड कार्ड जारी किए गए थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जुलूस परंपरागत उत्साह के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

होली के रंग, उत्साह और पारंपरिक व्यंग्य के प्रतीक इस जुलूस को देखने के लिए शहरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी रही।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights