मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ।
भीषण ठंड और कोहरे को देखते हुए अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने देर रात तक नगर क्षेत्र में जरूरतमंद व असहाय लोगों को कंबल वितरित किए। इस दौरान उन्होंने रोडवेज, आजमगढ़ मोड़ सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर ठंड से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाई।
अपर जिलाधिकारी ने शहर में संचालित रैन बसेरों का औचक निरीक्षण भी किया और वहां साफ-सफाई, गर्म पानी, बिस्तर, कंबल व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी जरूरतमंद खुले में सोने को मजबूर न हो। उन्होंने रैन बसेरों व अलाव स्थलों पर मौजूद लोगों से सीधे बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली।
इसके साथ ही नगर पालिका को निर्देश दिए गए कि सभी चिन्हित स्थानों पर अलाव की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित रहे। अपर जिलाधिकारी ने जरूरतमंदों से ठंड से बचाव के लिए रैन बसेरों और अलाव का उपयोग करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।








