शाहजहांपुर | LIBERAL MEDIA
जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, शाहजहांपुर की 87वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक शनिवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने शिरकत की और बैंक की वित्तीय उपलब्धियों की सराहना करते हुए किसानों से कृषि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीक अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और सहकारिता मंत्री के “सहकार से समृद्धि” विजन के तहत केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार सहकारिता आंदोलन को मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
बैठक में बैंक की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया गया कि जिला सहकारी बैंक की कार्यशील पूंजी पहली बार 1000 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर 1004.36 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। किसानों और जमाकर्ताओं के बढ़ते विश्वास के कारण बैंक की अंशपूंजी 27.95 करोड़ से बढ़कर 41.48 करोड़ रुपये हो गई है।
वहीं बैंक का शुद्ध लाभ भी 1.02 करोड़ से बढ़कर 2.07 करोड़ रुपये हो गया है। बैंक का रिकवरी रेट 75.03 प्रतिशत और नेट एनपीए 0.84 प्रतिशत के सुरक्षित स्तर पर है, जिसके चलते बैंक ने अपना ‘A’ श्रेणी का ऑडिट वर्गीकरण बरकरार रखा है। वर्तमान में बैंक की 22 में से 20 शाखाएं मुनाफे में संचालित हो रही हैं।
किसानों को संबोधित करते हुए जितिन प्रसाद ने कहा कि अब खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का समय आ गया है। AI तकनीक के जरिए मौसम का पूर्वानुमान, मिट्टी का वैज्ञानिक विश्लेषण, सही समय पर बुवाई और फसल रोगों की पहचान पहले से संभव हो गई है। इससे किसानों की लागत घटेगी और उत्पादन बढ़ेगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में समितियों को बहुउद्देशीय (B-PACS) बनाकर उन्हें कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के रूप में विकसित किया जा रहा है। अब तक प्रदेश में 3000 से अधिक बी-पैक्स का कंप्यूटरीकरण किया जा चुका है, जिससे किसानों को गांव में ही बैंकिंग और सरकारी सुविधाएं मिल रही हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार ने कहा कि यह प्रगति शाहजहांपुर के किसानों के सशक्तिकरण का प्रमाण है। वहीं लोकसभा सांसद अरुण कुमार सागर ने कहा कि बी-पैक्स के कंप्यूटरीकरण से किसानों को बिचौलियों से मुक्ति मिली है।
कार्यक्रम के अंत में जिला सहकारी बैंक के सभापति डी.पी.एस. राठौर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान गुरगवां पैक्स सभापति आयुष सिंह और नियामतपुर पैक्स सभापति तनु यादव ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन आकाशवाणी लखनऊ की बिंदु जैन ने किया। कार्यक्रम में कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’, तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, ददरौल विधायक अरविंद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, महापौर अर्चना वर्मा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।








