Vrindavan, Mathura | Liberal Media
मथुरा के कृष्णानगर क्षेत्र में सिंचाई विभाग ने ड्रेनेज की सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। विभाग द्वारा ड्रेनेज भूमि पर बने करीब 200 से 300 मकानों के मालिकों को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि तय समय सीमा के भीतर कब्जा नहीं हटाया गया तो 24 जनवरी से पुलिस बल की मदद से बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान होने वाला पूरा खर्च भी संबंधित कब्जाधारकों से ही वसूला जाएगा।
सिंचाई विभाग की ओर से जिन मकानों पर लाल निशान लगाए गए हैं, उन सभी को पूर्व में भी नोटिस जारी किए जा चुके थे। इसके बावजूद अतिक्रमण न हटाए जाने पर अब विभाग ने कठोर कदम उठाने का निर्णय लिया है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और इलाहाबाद हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के तहत की जा रही है। ड्रेनेज भूमि पर अतिक्रमण के कारण जल निकासी व्यवस्था बाधित हो रही थी ।








