आजमगढ़। जिला कारागार का एक बंदी मंडलीय/जिला अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फरार कैदी की पहचान उदय पुत्र जसवंत, निवासी पादरी बाजार शाहपुर, गोरखपुर के रूप में हुई है। वह 6 दिसंबर को पाइल्स के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बताया गया कि उदय महराजगंज के फरेंदा थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में बंद था और 6 सितंबर 2021 को प्रशासनिक आधार पर गोरखपुर से आजमगढ़ जिला जेल लाया गया था। शुक्रवार भोर में टॉयलेट जाने के बहाने वह सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा तो शहर कोतवाली में मामला दर्ज कराया गया।
एसएसपी ने बताया कि फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है और उसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।








