— अभिनव ओमर ने कहा, शिक्षा का उद्देश्य संस्कार और नेतृत्व क्षमता विकसित करना भी
शाहजहांपुर। शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान किड्ज़ी एलीमेंट्री स्कूल (प्ले ग्रुप से कक्षा 5 तक) का वार्षिकोत्सव इस वर्ष “जेम्स ऑफ भारत” थीम पर अत्यंत भव्यता, सांस्कृतिक गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नन्हे विद्यार्थियों को भारत की महान विभूतियों के आदर्शों से परिचित कराना, उनमें नैतिक मूल्यों का संचार करना तथा उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एडीएम फाइनेंस अरविंद कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर संघ चालक रमेश सक्सेना, सीओ सदर प्रियंक जैन, संस्थापक ट्रस्टी मंजू गुप्ता, ज़ी लर्न लिमिटेड से आयुष श्रीवास्तव, प्रबंध ट्रस्टी अभिनव ओमर, सेंटर हेड रोशनी गुप्ता, वाइस प्रिंसिपल शिव्या श्रीवास्तव तथा हेमलता कमारा सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य पर आधारित नृत्य-नाटिका, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष प्रस्तुति तथा “ये देश है वीर जवानों का” गीत पर प्रस्तुति देकर दर्शकों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया। ऐतिहासिक काकोरी कांड पर आधारित नाट्य मंचन ने स्वतंत्रता संग्राम की अमर गाथा को जीवंत कर दिया।
विद्यार्थियों ने स्वामी दयानंद सरस्वती, रानी लक्ष्मीबाई, वीर बंदा सिंह बहादुर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, सरदार वल्लभभाई पटेल, एपीजे अब्दुल कलाम, महाराणा प्रताप, गुरु nानक देव, संत रविदास, भीमराव आंबेडकर तथा रानी दुर्गावती के जीवन एवं योगदान को प्रभावशाली ढंग से मंचित किया। रंग-बिरंगी वेशभूषा, आकर्षक मंच सज्जा और ध्वनि-प्रकाश व्यवस्था ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
प्रबंध ट्रस्टी अभिनव ओमर ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में संस्कार, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों का विकास भी आवश्यक है। सेंटर हेड रोशनी गुप्ता ने बताया कि “जेम्स ऑफ भारत” थीम के माध्यम से बच्चों को भारत की समृद्ध विरासत से प्रेरणा लेने का अवसर मिला।
कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन शगुन गुप्ता, निहारिका सिंह, अंशिका मिश्रा और स्वास्ति ने किया। अभिभावकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति और बच्चों के उत्साह ने आयोजन को यादगार बना दिया।
इस प्रकार किड्ज़ी एलीमेंट्री स्कूल का वार्षिकोत्सव “जेम्स ऑफ भारत” केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत की महान विभूतियों को समर्पित एक प्रेरणादायी यात्रा सिद्ध हुआ।








