जेसीबी से शवों के निस्तारण का वीडियो वायरल, मचा हड़कंप

By Liberal Media

Published On:

Date:

मऊ | LIBERAL MEDIA
मऊ जिले के कोपागंज क्षेत्र में मानव शवों के निस्तारण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सनसनी फैल गई है। फुटबॉल मैदान में जेसीबी मशीन से तीन शवों को दफनाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, थाना कोपागंज क्षेत्र स्थित बापू आयुर्वेदिक विद्यालय के सामने बने फुटबॉल ग्राउंड में सात डॉक्टरों और एक महिला की मौजूदगी में जेसीबी के जरिए तीन शवों का निस्तारण किया जा रहा था। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है और घटनास्थल को लेकर लोगों में आशंका और सवाल उठने लगे हैं।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक इलामारन ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिली है। प्रथम दृष्टया मामला किसी मेडिकल कॉलेज से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जहां पढ़ाई के दौरान छात्रों को डिसेक्शन (शव विच्छेदन) के लिए शवों का उपयोग किया जाता है और बाद में नियमानुसार उनका निस्तारण किया जाता है।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और संबंधित मेडिकल कॉलेज प्रशासन से भी संपर्क किया जा रहा है। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस वायरल वीडियो ने जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था और शव निस्तारण की प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights