गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन में लगभग 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों की व्यथा सुनते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया, “घबराइए मत, हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि हर पीड़ित की समस्या का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि हर शिकायत पर संवेदनशीलता से काम किया जाए और पीड़ितों को संतुष्टिपूर्ण समाधान मिले।
● महिलाओं की संख्या रही अधिक, CM स्वयं पहुंचे लोगों के बीच
कार्यक्रम में महिलाओं की संख्या अधिक रही। मुख्यमंत्री योगी कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास स्वयं पहुंचे और आत्मीयता के साथ उनकी बात सुनी। “कहां से आए हैं, क्या समस्या है” पूछते हुए उन्होंने हर व्यक्ति को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी पीड़ा समझती है और समाधान प्राथमिकता से होगा।
● कई लोगों ने जमीन कब्जे की शिकायत रखी, जिन पर मुख्यमंत्री ने कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। एक महिला ने मकान जलाए जाने की शिकायत की, जिस पर भी उन्होंने तत्काल कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया।
● गंभीर बीमारियों के इलाज को लेकर बड़ा आश्वासन
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगते पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इलाज में पैसों की कमी बाधा नहीं बनने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अस्पतालों से इस्टीमेट की प्रक्रिया तुरंत पूरी कराकर शासन को भेजने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
●गोरखनाथ मंदिर में गोसेवा, मोर को भी खिलाई रोटी
गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास के बाद सुबह मुख्यमंत्री की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा पर नमन किया। इसके बाद गोशाला पहुंचकर गायों को गुड़-रोटी खिलाकर गोसेवा की।














