बरेली। जमीन के लालच में की गई तोताराम की हत्या का सिरौली पुलिस ने तीन दिन के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्यारोपी फूलचन्द्र उर्फ मुछारे को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली है।
सिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम बैलभोजी में 19 दिसंबर को तोताराम की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर आरोपी फूलचन्द्र (52) निवासी ग्राम धर्मपुर, जनपद बदायूं को आंवला रोड कालाभोज तिराहे से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ओमवती की मृत्यु के बाद करोड़ों की जमीन तोताराम के नाम हो गई थी। जमीन अपने नाम न होने और विवाद के चलते उसने हत्या की साजिश रची और भैंसों के तबेले के पास ईंट से वार कर तोताराम की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।









