छुट्टी पर आए ITBP जवान की सड़क हादसे में मौत, पिता गंभीर

By Liberal Media

Published On:

Date:

Sitarganj | Liberal Media

सितारगंज में छुट्टी पर आए आईटीबीपी जवान की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पिता को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, सितारगंज के कैलाशपुरी गांव निवासी ओमप्रकाश अपने बेटे त्रिलोक कुमार के साथ खटीमा से घर लौट रहे थे। किच्छा हाईवे पर बघौरा गांव के पास एक रेस्टोरेंट के समीप पीछे से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उप जिला अस्पताल सितारगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने त्रिलोक कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं हालत गंभीर होने पर पिता ओमप्रकाश को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

परिजनों ने बताया कि त्रिलोक कुमार आईटीबीपी में जवान थे और वर्तमान में लद्दाख में तैनात थे। कुछ दिन पहले ही वह छुट्टी पर घर आए थे। वह विवाहित थे और उनके दो छोटे बच्चे हैं।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights